आगरा: BJP से जुड़ा बताने वाले महीपाल चौधरी का वीडियो वायरल, वसूली केस दर्ज

खुद को भाजपा से जुड़ा बताने वाले महीपाल चौधरी एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह होटल के कमरे में डांसरों के साथ नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो आगरा के एक होटल का है, जहां कमरे में शराब की बोतलें रखी हुई दिखाई दे रही हैं और दो महिलाएं डांस करती नजर आ रही हैं। हालांकि, वीडियो कब का है इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

होटल संचालक से वसूली का आरोप

मामला सिर्फ वीडियो तक सीमित नहीं है। होटल संचालक ने आरोप लगाया है कि महीपाल चौधरी अपने साथियों के साथ होटल पहुंचा और खुद को अधिकारी बताते हुए स्टाफ को डराने-धमकाने लगा।

आरोप है कि उन्होंने होटल के कमरों की जांच के बहाने करीब 2 लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर कार्रवाई व बदनाम करने की धमकी दी।

पुलिस ने दर्ज किया केस

घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया। बाद में इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।

भाजपा ने किया किनारा

इस पूरे मामले पर भाजपा पदाधिकारियों ने साफ किया है कि महीपाल चौधरी का पार्टी से कोई आधिकारिक संबंध नहीं है। उनका कहना है कि आरोपी ने पार्टी का नाम इस्तेमाल किया है, जिसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी लग चुके हैं आरोप

जानकारी के अनुसार, महीपाल चौधरी पर पहले भी चौथ वसूली, ब्लैकमेलिंग और दबाव बनाकर पैसे लेने जैसे कई आरोप लग चुके हैं, जिनकी जांच जारी है।

Leave a Comment